ब्रेकिंग
सूचना
CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज से दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ का आयोजन शुरू होगा. आईआईएम रायपुर में आयोजित इस शिविर में पूरा मंत्रिमंडल शामिल होगा, जहां विकसित छत्तीसगढ़ के विज़न को नई दिशा देने के उद्देश्य से सुशासन, नीति निर्माण, नवाचार, नेतृत्व और परिणाम आधारित प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा. शिविर के दौरान कृषि, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, टेक्नोलॉजी और जनसेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लिए नई रणनीतियां तैयार की जाएंगी. राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ मंत्रियों को सुशासन, भविष्य की चुनौतियों और प्रभावी प्रशासन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे. इनमें गौर गोपाल दास, अभय करंदीकर और डॉ. रमेश चंद सहित कई विशेषज्ञ शामिल हैं. दूसरे दिन योग सत्र के साथ पर्यटन, सार्वजनिक नीति, नेतृत्व और सुशासन पर विशेष व्याख्यान आयोजित होंगे. शिविर का मुख्य फोकस विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को मजबूत करना रहेगा. इसके माध्यम से सरकार पारदर्शी, जवाबदेह, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी कार्यसंस्कृति को और सशक्त बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है.
रायपुर. राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में जारी राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का आज दूसरा दिन है. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को किया. सहकारिता विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन किया जा रहा है. सम्मेलन में सहकारी नीतियों, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सहकारी संस्थाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी.
कवर्धा. भोरमदेव ईको ट्रेल 2026 की आज से शुरुआत होने जा रही है. यह ट्रेल भोरमदेव अभ्यारण्य के करियामा गेट स्थित भोरमदेव ईको कैंप से प्रत्येक शनिवार और रविवार संचालित होगी. ट्रेल के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी नेचर गाइड के साथ जंगल भ्रमण कराया जाएगा, जहां वे औषधीय पौधों, पक्षियों, तितलियों और वन्यजीवों के संकेतों की जानकारी प्राप्त करेंगे. साथ ही जैव विविधता, प्रकृति संरक्षण और जिम्मेदार ईको-पर्यटन के महत्व से भी अवगत कराया जाएगा. ट्रेल की शुरुआत सुबह 8 बजे रिपोर्टिंग से होगी और समापन विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर के भ्रमण के साथ होगा. इसमें भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. सीमित सीटों के कारण इच्छुक प्रतिभागी भोरमदेव जंगल सफारी के क्यूआर (बारकोड) को स्कैन कर ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं. वन विभाग ने अधिक से अधिक प्रकृति प्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं और पर्यटकों से इस अनूठी पहल में शामिल होने की अपील की है.
बालोद. पीएम इंटर्नशिप योजना 2026 के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गुरूर में 04 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे से 03 बजे तक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गुरूर के प्राचार्य ने बताया कि आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी जिनकी आयु 18 से 25 वर्ष तक है, वे अपने समस्त शैक्षणिक तथा आवश्यक प्रमाण-पत्र के साथ उक्त कार्यशाला में शामिल होकर अवसर का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
Tags :
#CG NEWS
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन