ब्रेकिंग
सूचना
Abhyuday Bharat News / Mon, Apr 13, 2026 / Post views : 39
डीएम मेधा रूपम ने श्रमिकों के आंदोलन के बीच शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। डीएम ने कहा कि श्रमिकों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। श्रमिक वेतन संबंधी अन्य समस्याओं की शिकायत 120-2978231, 120-2978232, 120-2978862, 120-2978702 पर कर सकते हैं। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। डीएम ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का दावा किया है। औद्योगिक इकाइयों को सरकार से मिले सभी आदेशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी डीएम ने दी है।
श्रमिकों के हंगामे के चलते संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला गोली लगने से घायल हुई है। घटना के विभिन्न बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
शैव्या गोयल, डीसीपी सेंट्रल नोएडा
हॉजरी कॉम्पलेक्स स्थित कपड़ा निर्यात इकाइयों के श्रमिक लगातार वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मामले को लेकर उद्यमी संगठन के अध्यक्ष और एक्सपोर्टर ललित ठकुराल का कहना है कि बाहर से आने वाले कुछ असामाजिक तत्व माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। 80 प्रतिशत से अधिक श्रमिक समझ चुके हैं। उनकी लगभग सभी मांगें भी मान ली गई हैं। सरकार के आदेश के बाद वेतनवृद्धि भी कर दी जाएगी। उन्होंने श्रमिकों से किसी भी अफवाह में नहीं आने की अपील की है। हालांकि, विवाद अब तूल पकड़ लिया है। नोएडा के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा में स्थित कंपनियों के कर्मी भी अब सड़क पर उतर आए हैं।
गारमेंट एक्सपोर्ट की इकाइयों के श्रमिकों ने हरियाणा की तर्ज पर वेतन मांग शुरू की है। हरियाणा के मानेसर में श्रमिकों को न्यूनतम वेतन जैसी व्यवस्था नोएडा की इकाइयों में किए जाने की मांग की गई है। इसके संबंध में कंपनियों के बाहर बैनर लगाए गए हैं। वहीं, शहर में इकाइयां अभी श्रमिकों का वेतन बढ़ाने के लिए तैयार नहीं है। इसको लेकर विवाद लगातार गहराया हुआ है। इस प्रकार की तनातनी के बीच सरकार और प्रशासन की बैठक में स्थिति को सामान्य किए जाने को लेकर विचार शुरू किया गया है।
श्रमिकों की लगभग सभी मांगें मान ली गई हैं। वेतन वृद्धि के लिए श्रमिकों से प्रस्ताव मांगा गया है। इसके बाद सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। सरकार के स्तर से श्रमिकों का वेतन बढ़वाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। श्रमिक शांति बनाए रखें और किसी अफवाह में न आएं।
राकेश द्विवेदी, श्रमायुक्त
नोएडा के हॉजरी कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को सड़कों पर श्रमिकों के उतरने के बाद मामला गहराया। इससे वर्ष 2013 की यादें ताजा हो गईं। श्रमिकों ने वेतन समेत तमाम मांगों को लेकर 20 फरवरी 2013 को जोरदार हंगामा किया था। उस दौरान बेकाबू भीड़ ने औद्योगिक इकाइयों में तोड़फोड़ और आग तक लगा दी थी। इकाइयों से सामान भी चुरा लिया गया था। एक बार फिर कर्मचारियों का आक्रोश इसी तरह से बढ़ता दिख रहा है।
श्रमिकों के प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस अधिकारियों को जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
#breking news
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन